धनबाद : धनबाद के हीरापुर स्थित तेलीपाड़ा काली मंदिर में मां श्यामा काली की पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां 250 वर्षों से अधिक समय से मां श्यामा काली की पूजा पारंपरिक रीति-रिवाज और पूरे विधि-विधान के साथ होती आ रही है। इस वर्ष भी श्री श्री श्यामा पूजा समिति की ओर से पूजा का आयोजन भव्य तरीके से किया जा रहा है। इस बार श्रद्धालुओं के लिए तारापीठ मंदिर की थीम पर आधारित आकर्षक पंडाल विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। तेलीपाड़ा काली मंदिर की पूजा धनबाद की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में विशेष स्थान रखती है। वर्षों से यहां श्रद्धालुओं की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त मां श्यामा काली के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष पंडाल को तारापीठ धाम का स्वरूप देने की तैयारी है। इसके लिए विशेष कलाकारी और आकर्षक सजावट की जा रही है। समिति का प्रयास है कि पंडाल में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को तारापीठ मंदिर जैसी आध्यात्मिक अनुभूति हो। समिति के अध्यक्ष जगत महतो ने बताया कि तेलीपाड़ा काली मंदिर में 250 वर्षों से अधिक पुरानी पूजा परंपरा चली आ रही है। समिति का प्रयास इस ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ हर वर्ष पूजा को और भव्य एवं आकर्षक बनाना है। वहीं, सचिव संतोष साव (मक्खन) ने बताया कि पूजा की तैयारियों में समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुव्यवस्था और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। समिति की ओर से धनबाद के सभी श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों को सपरिवार मां श्यामा काली के दर्शन और पूजा में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है। पूजा के सफल आयोजन में जगत महतो, आनंद गोराई, सानन पॉल, सूरज साव, संतोष साव (मक्खन), संदीप साव, अंकित साव, निमाई महतो, बिदूद गुप्ता, राहुल महतो, चंदन साव, कांशी महतो, अरुण महतो, हराधन महतो, विनोद साव, विजय साव, शेखर साव, दीपक गोराई, धनंजय साव, बुधन पंडित, निर्मल दे, राजेश साव आदि मौजूद थे।