धनबाद शादी का झांसा देकर राजस्थान से बुलाया, फिर लूटपाट; धनबाद में गिरोह के 10 सदस्य गिरफ्तार

Share This News

धनबाद : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर राजस्थान से परिवार को धनबाद बुलाने और बाद में लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, सपना नाम की महिला ने राजस्थान निवासी रमेश से संपर्क कर अपनी कथित भतीजी पूजा से शादी कराने का प्रस्ताव दिया था। रमेश अपने परिवार के साथ 7 सितंबर को बरवाअड्डा पहुंचे। यहां शादी की तैयारी के नाम पर करीब 30 हजार रुपये के कपड़े खरीदवाए गए, जिसका भुगतान रमेश ने किया। इसके बाद शादी कराने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की गई, जिसमें रमेश ने 40 हजार रुपये ऑनलाइन दिए।

आरोप है कि बाद में कथित दुल्हन पूजा की शादी राजस्थान से आए इकबाल नामक युवक से करा दी गई। विरोध करने पर आरोपियों ने पार्टी के बहाने रमेश और उनके परिजनों को गाड़ी में बैठाया। रास्ते में धमकी देकर उनसे 10 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और महिलाओं के जेवर छीन लिए गए।

मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, साड़ी, लहंगा, कपड़े, चूड़ी और शादी से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और इस तरह की अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

कुसुम न्यूज से सुंदर की रिपोर्ट

Leave a comment