राजस्थान के युवक को शादी के नाम पर धनबाद बुलाया…………..
खरीदारी कराने के बाद जबरन सिंदूर भरवाया…………..
मारपीट कर भगाया, पुलिस ने 10 आरोपियों को दबोचा………….
धनबाद में शादी के नाम पर ठगी और मारपीट करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में राजस्थान के एक युवक और उसके परिवार को शादी का झांसा देकर धनबाद बुलाया गया। आरोप है कि पहले उनसे शादी की खरीदारी कराई गई और फिर एक गांव में ले जाकर युवती की मांग में सिंदूर भरवाकर शादी का नाटक किया गया। इसके बाद जब लड़के वालों ने उनके घर जाकर भोजन करने से इनकार किया, तो उनके साथ मारपीट कर उन्हें वहां से भगा दिया गया। मामले की जांच करते हुए धनबाद पुलिस ने इस कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
बुधवार को इस मामले में एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर धनबाद डीएनपी मुख्यालय 01 कुमार विनोद ने बताया कि मामला सात सितंबर की देर शाम का है। राजस्थान निवासी रमेश नट ने बरवाअड्डा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित परिवार के अनुसार, सपना नाम की एक महिला ने तीन सितंबर को रमेश नट से फोन पर संपर्क किया और अपने भतीजे की शादी के लिए दो युवतियों की तस्वीर भेजी।
शादी की बात आगे बढ़ने के बाद रमेश अपने भाई, भतीजे इकबाल और भाभी के साथ राजस्थान से धनबाद पहुंचा। आरोप है कि यहां गिरोह में शामिल महिला और पुरुष सदस्यों ने पहले शादी के नाम पर उनसे खरीदारी कराई। इसके बाद उन्हें एक गांव में ले जाया गया, जहां युवती की मांग में सिंदूर भरवाकर शादी पूरी होने की बात कही गई।
इसके बाद लड़के वालों से घर चलकर भोजन करने को कहा गया। जब उन्होंने कथित तौर पर वहां जाने से इनकार किया, तो उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई और अलग-अलग जगहों से 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से शादी के लिए खरीदे गए कपड़े और गहने समेत अन्य सामान भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अजय दास, राजेश कुमार, मंतोष साव, सुमन विश्वकर्मा, चंदन शर्मा, नीलम देवी, पूजा कुमारी, मकरी देवी, विशु यादव और राजेंद्र साव शामिल हैं। सभी अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
धनबाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने इससे पहले भी शादी के नाम पर कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।