उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देश पर गोविंदपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री जहीर आलम ने सेठ सुखीराम बालिका विद्यालय के मुख्य द्वार के पास जमा कचरे की सफाई कराई। जेसीबी की मदद से विद्यालय के मुख्य द्वार के पास जमा करीब 40 ट्रैक्टर कचरा हटाया गया।
लंबे समय से कचरा जमा रहने के कारण विद्यालय के छात्राओं, शिक्षकों एवं आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनंत प्रिया ने इसकी शिकायत उपायुक्त से की थी। उन्होंने विद्यालय परिसर के आसपास जमा कचरे को साफ कराने का अनुरोध किया था।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने गोविंदपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर सफाई कराने का निर्देश दिया। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सफाई अभियान शुरू कराया। सहायक अभियंता अरुण कुमार, शिव कुमार दास, मिहिर गोराई एवं ज्ञानी आलोक के साथ वे जेसीबी लेकर विद्यालय पहुंचे। इसके बाद जेसीबी से मुख्य द्वार के पास जमा कचरे को हटाने का काम शुरू किया गया।
कचरा हटाए जाने के बाद विद्यालय के मुख्य द्वार के आसपास का क्षेत्र एकदम साफ सुथरा हो गया। इससे विद्यालय आने-जाने वाले छात्राओं और शिक्षकों को भी राहत मिली। विद्यालय प्रबंधन ने इसके लिए उपायुक्त का आभार प्रकट किया।
कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की रिपोर्ट