झरिया। पीडीएस डीलरों की डोर स्टेप डिलीवरी बंद होने से उत्पन्न समस्याओं को लेकर धनबाद जिला पीडीएस डीलर एसोसिएशन ने झरिया विधायक रागिनी सिंह से शिकायत की थी। डीलरों ने आर्थिक नुकसान और अन्य परेशानियों का हवाला देते हुए डोर स्टेप डिलीवरी सेवा दोबारा शुरू कराने की मांग की थी। विधायक रागिनी सिंह ने मामले को विधानसभा में उठाया, जिसके बाद सरकार की ओर से डोर स्टेप डिलीवरी को फिलहाल फिर से शुरू करने पर सहमति जताई गई।
डोर स्टेप डिलीवरी दोबारा शुरू होने के बाद धनबाद जिला पीडीएस डीलर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने झरिया विधायक रागिनी सिंह के झरिया स्थित कार्यालय पहुंचकर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और आभार जताया। डीलरों ने कहा कि डोर स्टेप डिलीवरी बंद होने से उन्हें राशन उठाव और परिवहन को लेकर आर्थिक नुकसान के साथ कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि डोर स्टेप डिलीवरी बंद होने से पीडीएस डीलरों को काफी परेशानी हो रही थी। डीलरों की समस्या को विधानसभा में उठाया गया, जहां सरकार की ओर से आश्वासन मिला कि फिलहाल डोर स्टेप डिलीवरी को फिर से चालू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीडीएस डीलरों का करीब 13 महीने का कमीशन भी बकाया है। इस मुद्दे को भी विधानसभा के आगामी सत्र में प्रमुखता से उठाकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा।
वहीं, पीडीएस डीलर विनोद कुमार ने कहा कि डोर स्टेप डिलीवरी बंद होने से डीलरों को आर्थिक नुकसान के साथ काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को विधायक रागिनी सिंह के समक्ष रखा गया था। विधायक ने विधानसभा में मामले को उठाया, जिसके बाद डोर स्टेप डिलीवरी दोबारा शुरू हुई है। इसके लिए डीलरों ने विधायक को सम्मानित कर धन्यवाद दिया। उन्होंने सरकार से डोर स्टेप डिलीवरी को नियमित रूप से जारी रखने और 13 महीने के बकाया कमीशन का भुगतान जल्द कराने की मांग की।