प्रधान लिपिक कृष्णेंदु चौधरी के निधन पर समाहरणालय में शोक सभा आयोजित

Share This News

धनबाद, 11 फरवरी 2025 – समाहरणालय के पारणयन (ट्रांजिट) शाखा के प्रधान लिपिक स्वर्गीय कृष्णेंदु चौधरी के आकस्मिक निधन पर मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा की अध्यक्षता में शोक सभा का आयोजन किया गया।शोक सभा में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

स्वर्गीय कृष्णेंदु चौधरी पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और इलाज के दौरान 9 फरवरी 2025 को सीएमसी वेल्लोर में उनका निधन हो गया।उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह एक कर्मठ, अनुशासनप्रिय एवं व्यवहार-कुशल प्रधान लिपिक थे। उनके सभी सहकर्मियों और अधिकारियों से अत्यंत सौहार्दपूर्ण संबंध थे, और उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

शोक सभा में एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) पीयूष सिन्हा, एडीएम (सप्लाई) जियाउल अंसारी, डीआरडीए निदेशक राजीव रंजन, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) नियाज अहमद, एनडीसी दीपक कुमार दुबे, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम एवं रविंद्र कुमार ठाकुर, सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक सहित समाहरणालय के सभी प्रधान लिपिक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।स्वर्गीय कृष्णेंदु चौधरी की कमी को समाहरणालय परिवार ने अपूरणीय क्षति बताया और उनके योगदान को हमेशा याद रखने का संकल्प लिया।

Leave a comment