धनबाद, 11 फरवरी 2025 – झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने आज धनबाद के सरायढेला गोल बिल्डिंग चौक पर महान स्वतंत्रता सेनानी बाबा तिलका मांझी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर पारंपरिक झारखंडी नृत्य से उनका भव्य स्वागत किया गया।
बाबूलाल मरांडी ने बाबा तिलका मांझी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ अपने अदम्य साहस और संघर्ष से न केवल झारखंड बल्कि पूरे भारत को स्वतंत्रता की ओर प्रेरित किया। उनका बलिदान हमें अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देता रहेगा।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर मरांडी ने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) पिछले दस वर्षों से दिल्ली की जनता से झूठ बोल रही थी और केवल उन्हें ठगने का काम कर रही थी। अब जनता ने उसे सबक सिखा दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही कह चुके हैं कि दिल्ली को इस बार आपदा से मुक्त करने का काम हुआ है।धनबाद में हाल ही में हुए झामुमो के स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के “बकाया ₹1.36 लाख करोड़ नहीं मिलने पर झारखंड से कोयला नहीं जाने देंगे” वाले बयान पर भी बाबूलाल मरांडी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “इसमें चिंता की कोई बात नहीं है। जब कोयला रोका जाएगा, तब देखा जाएगा। केंद्र सरकार इस पर उचित निर्णय लेगी।”
इस मौके पर बाबा तिलका मांझी स्मारक समिति, धनबाद द्वारा स्थापित प्रतिमा के मूर्तिकार अर्जुन राम पाल को बाबूलाल मरांडी ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया।इस भव्य समारोह में विधायक राज सिन्हा, विधायक रागिनी सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण रॉय, बाबा तिलका मांझी स्मारक समिति की अध्यक्ष रायमुनी देवी समेत कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।