धनबाद, 11 फरवरी 2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय के सभागार में “सेफ इंटरनेट डे” पर कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराध से बचाव पर जागरूकता फैलाई गई।उपायुक्त ने कहा कि इंटरनेट हमारे जीवन को सरल बना रहा है, लेकिन साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने शॉर्टकट से पैसे कमाने और लालच में पड़ने से बचने की अपील की। साइबर फ्रॉड से बचने के लिए उन्होंने सुरक्षित ऑनलाइन लेनदेन, अनजान कॉल्स से बचने और सार्वजनिक वाईफाई के उपयोग से परहेज करने की सलाह दी।
साइबर थाना प्रभारी अक्षय कुमार राम ने बताया कि यदि कोई साइबर फ्रॉड का शिकार होता है, तो उसे 1930 पर कॉल कर या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर तुरंत शिकायत दर्ज करानी चाहिए ताकि समय रहते ट्रांजेक्शन ब्लॉक किया जा सके।कार्यशाला में डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड, डीप फेक, व्हाट्सएप सिक्योरिटी, और साइबर थ्रेट्स जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर उप विकास आयुक्त सादात अनवर, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनीता कुजूर, साइबर थाना प्रभारी अक्षय कुमार राम समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।