धनबाद: अमेजिंग टेकइवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 9 फरवरी 2025 को मनईटांड़ स्थित साहू धर्मशाला में ‘अमेजिंग टैलेंट हंट 2025’ का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ धनबाद के विधायक श्री राज सिन्हा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया, जबकि आयोजन समिति के डायरेक्टर श्री अयोन मुखर्जी ने स्वागत भाषण देकर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।यह 10 घंटे का मैराथन कार्यक्रम विभिन्न प्रतियोगिताओं और प्रतिभाओं से सराबोर रहा, जिसमें धनबाद के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। धनसार थाना प्रभारी श्री मनोज पांडेय, साइबर थाना की प्रतिनिधि टीम, ब्रह्माकुमारीज़ से जूली दीदी, और कई प्रतिष्ठित स्कूलों के प्राचार्य इस आयोजन का हिस्सा बने।
कोलकाता से आई रोबोटिक्स टीम ने बच्चों के लिए एक विशेष तकनीकी सत्र का आयोजन किया, जिसमें उन्हें विज्ञान और रोबोटिक्स की बारीकियों से अवगत कराया गया। इस आयोजन में 268 बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में चिरकुंडा की प्रसिद्ध नृत्य शिल्पी सुश्री रिया दास, धनबाद की ख्याति प्राप्त नृत्यांगना श्रीमती सागरिका चौधुरी, श्री इंद्रनील मुखर्जी, श्री संजय जैस्वाल, श्री श्यामल सेन और श्री राजीव अग्रवाल ने विजेता प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें पुरस्कार प्रदान किए।अमेजिंग टेकइवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड की डायरेक्टर सुश्री पूरबी रॉय ने समापन भाषण में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कंपनी भविष्य में भी इस तरह के आयोजन करती रहेगी, ताकि समाज में छुपी हुई प्रतिभाओं को एक सकारात्मक मंच प्रदान किया जा सके।
इस आयोजन को सफल बनाने में तकनीकी सलाहकार श्री आशीष सिंह, डिज़ाइनर श्री गौरव दास, असिस्टेंट श्री भोलानाथ मंडल, संचालिका कुमारी स्वाति पांडेय और कोऑर्डिनेटर कुमारी रिंकू मोदक का विशेष योगदान रहा।‘अमेजिंग टैलेंट हंट 2025’ धनबाद के बच्चों और युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक मंच साबित हुआ, जहां उन्होंने अपनी कला, विज्ञान और तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई।



