जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण में तेजी लाने का दिया निर्देश

Share This News

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने आज मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण कार्य की प्रगति की ऑनलाइन समीक्षा बैठक की।

बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए।

समीक्षा के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण की विधानसभा वार अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। जिन क्षेत्रों में कम वितरण हुआ है, वहां विशेष अभियान चलाकर फॉर्म वितरण में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत फॉर्म वितरण सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। साथ ही सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन करने का निर्देश दिया।

बैठक में एसआइआर 2026 से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी समीक्षा की गई तथा सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

Leave a comment