पटना/रांची: Telecom Regulatory Authority of India (TRAI) की मई 2026 की ताज़ा रिपोर्ट से साफ है कि बिहार-झारखंड टेलीकॉम सर्किल में Reliance Jio ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। कंपनी ने सबसे ज्यादा नए मोबाइल उपभोक्ता जोड़ते हुए बाजार में बढ़त कायम रखी।
रिपोर्ट के मुताबिक, मई 2026 में बिहार सर्किल में कुल 3.73 लाख से अधिक नए मोबाइल कनेक्शन जुड़े। इनमें से करीब 2.37 लाख नए ग्राहक अकेले जियो के साथ जुड़े, जिससे कंपनी का ग्राहक आधार और मजबूत हुआ।
अप्रैल 2026 में जियो के कुल ग्राहकों की संख्या 4.51 करोड़ थी, जो मई के अंत तक बढ़कर 4.53 करोड़ से अधिक हो गई। इस बढ़ोतरी में मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (MNP) के जरिए आने वाले ग्राहकों का भी अहम योगदान रहा।
वहीं Bharti Airtel ने भी शानदार प्रदर्शन किया और मई में 2 लाख से ज्यादा नए ग्राहक जोड़े। कंपनी का ग्राहक आधार 4.95 करोड़ से बढ़कर 4.97 करोड़ के पार पहुंच गया।
Vodafone Idea (Vi) को भी सीमित लेकिन सकारात्मक बढ़त मिली। कंपनी के साथ 6,278 नए ग्राहक जुड़े, जिससे कुल ग्राहक संख्या 74.34 लाख से बढ़कर 74.40 लाख हो गई।
दूसरी ओर, सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL को झटका लगा। मई 2026 के दौरान कंपनी ने 72 हजार से अधिक ग्राहक गंवाए। अप्रैल में जहां उसके 56.25 लाख ग्राहक थे, वहीं मई के अंत तक यह संख्या घटकर 55.53 लाख रह गई।
TRAI के आंकड़ों के अनुसार, बिहार सर्किल की टेली-डेंसिटी मई में बढ़कर 63.79 प्रतिशत पहुंची। हालांकि, यह अब भी देश के सभी टेलीकॉम सर्किलों में सबसे कम स्तर पर है।
मोबाइल नेटवर्क के अलावा ब्रॉडबैंड और कनेक्टेड होम सेवाओं में भी जियो की पकड़ मजबूत बनी हुई है। बिहार-झारखंड क्षेत्र में इस सेगमेंट में कंपनी की हिस्सेदारी 70 प्रतिशत से ज्यादा दर्ज की गई है।