धनबाद। कोहिनूर मैदान स्थित ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) वेयरहाउस की त्रैमासिक समीक्षा सोमवार को जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग की मौजूदगी में की गई। समीक्षा के दौरान वेयरहाउस के सभी कमरों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला गया और ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
समीक्षा के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन, एसडीएम लोकेश बारंगी, मुख्य चुनाव पदाधिकारी के. रवि, झामुमो जिला अध्यक्ष लखी सोरेन, कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्य चुनाव पदाधिकारी के. रवि ने बताया कि त्रैमासिक निरीक्षण के दौरान ईवीएम वेयरहाउस की सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। ईवीएम सुरक्षित स्थिति में हैं तथा भवन की सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह सामान्य है। हालांकि भवन का अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) अभी प्राप्त नहीं हुआ है, जिसका उल्लेख रिपोर्ट में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई और इसकी रिपोर्ट तैयार कर निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी।
के. रवि ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक तीन महीने पर राज्य के सभी जिलों में ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया जाता है। इसी क्रम में सोमवार को धनबाद सहित झारखंड के सभी जिलों में त्रैमासिक समीक्षा की गई, ताकि ईवीएम की सुरक्षा और रखरखाव की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके।