IIT (ISM) की पहल से BCCL क्षेत्र के बच्चों में जगी विज्ञान की नई उड़ान

Share This News

धनबाद। विज्ञान और तकनीक की दुनिया में आगे बढ़ने का सपना अब बीसीसीएल क्षेत्र के बच्चों के लिए और आसान होने जा रहा है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT-ISM) धनबाद ने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के CSR कार्यक्रम के तहत वंचित और परियोजना प्रभावित (PAP) परिवारों के बच्चों के लिए STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथेमेटिक्स) शिक्षा की अनूठी पहल शुरू की है।

इस कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखा जा रहा, बल्कि प्रयोग, गतिविधियों, डिजिटल तकनीक और मॉडल आधारित शिक्षा के माध्यम से विज्ञान को रोचक और व्यवहारिक बनाया जा रहा है। कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों के लिए भागीरथ ब्रह्मचारी हाई स्कूल, राजगंज, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय झरिया और बीसीसीएल क्षेत्र के एक अन्य विद्यालय में नियमित STEM कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

IIT (ISM) के मैनेजमेंट स्टडीज एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग विभाग के नेतृत्व में चल रहे इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करना है। प्रोफेसर रश्मि सिंह के मार्गदर्शन और प्रोफेसर नीलाद्रि दास के समन्वय में विशेषज्ञ विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार कर रहे हैं।

विद्यालयों के शिक्षकों का कहना है कि इस पहल से बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि और आत्मविश्वास दोनों बढ़े हैं। भागीरथ ब्रह्मचारी हाई स्कूल के प्राचार्य आनंद कुमार ने कहा कि गतिविधि आधारित शिक्षण ने विद्यार्थियों के सीखने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है। वहीं, केजीबीवी झरिया की प्राचार्या सुनीता शॉ ने इसे बच्चों के लिए नई उम्मीद और प्रेरणा का माध्यम बताया।

विद्यार्थियों का भी कहना है कि अब विज्ञान के कठिन विषयों को समझना आसान हो गया है। प्रयोगों और मॉडल के जरिए पढ़ाई होने से उनकी जिज्ञासा बढ़ रही है और वे विज्ञान को अपने दैनिक जीवन से जोड़कर समझ पा रहे हैं।

IIT (ISM) ने स्पष्ट किया है कि यह कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा, ताकि बीसीसीएल क्षेत्र के अधिक से अधिक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा मिल सके और वे भविष्य में विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकें।

यह पहल केवल शिक्षा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन बच्चों के सपनों को नई दिशा देने का प्रयास है, जो संसाधनों की कमी के बावजूद आगे बढ़ने की चाह रखते हैं।

कुसुम न्यूज़ से मुस्कान की रिपोर्ट

Leave a comment