उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने आज जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनी।
जनता दरबार में बैंक मोड़, तोपचांची, बरवाअड्डा, निरसा, कतरास, गोविंदपुर, भूली, बलियापुर, पूर्वी टुंडी, धनबाद, झरिया, टुंडी सहित अन्य क्षेत्र से आए लोगों की शिकायतें सुनीं।
जनता दरबार में गोविंदपुर के बड़ापिछड़ी कसियाटांड से आए लोगों ने बताया कि भू-माफियाओं द्वारा उनकी पुस्तैनी रैयती जमीन हड़पने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। साथ ही फर्जी कागजात तैयार करके जमीन की बिक्री कर रहे हैं। वहीं तेतुलमारी से आई एक महिला ने बताया कि किसी अन्य व्यक्ति द्वारा फर्जी कागजात तैयार कर उनकी जमीन बेची जा रही है।
जनता दरबार में अबुआ आवास, मानदेय, मुआवजा नहीं मिलने, विशेष गहन पुनरीक्षण में परिवार का नाम दर्ज कराने, इलाज के लिए सहायता राशि प्रदान करने, बंदोबस्ती जमीन, जन्म प्रमाण पत्र, अतिक्रमण मुक्त कराने, पेंशन नहीं मिलने सहित कई अन्य आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा एगारकुंड अंचल में सार्वजनिक तालाब का जीर्णोद्धार करने, जमीन हड़पने के आरोप में दर्ज कांड को लेकर अंचल कार्यालय द्वारा उचित कार्रवाई नहीं करने, रैयती जमीन की फर्जी डीड बनाकर जबरन निर्माण करने, चालधोवा में पत्थर खदान में ब्लास्टिंग से ग्राम वासियों को हो रही परेशानी सहित अन्य विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने लोगों को पूर्ण भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को दूर करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जिला प्रशासन उनकी हर समस्या पर विधि सम्मत कार्रवाई कर उसका निराकरण करने का प्रयास करेगा।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट