भारत की जनगणना – 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य के सफल संचालन हेतु धनबाद नगर निगम अंतर्गत विभिन्न विभागों व कार्यालयों से प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के रूप में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसमें कई कर्मी जनगणना कार्य में अनुपस्थित रहते हैं और अपेक्षित सहयोग प्रदान नहीं करते हैं। ऐसे कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए सहायक नगर आयुक्त श्री प्रसून कौशिक ने बताया कि जनगणना के लिए पर्यवेक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त कई कर्मी जनगणना कार्य में अनुपस्थित रहते हैं और अपेक्षित सहयोग प्रदान नहीं करते हैं।
उन्होंने बताया कि यह भी संज्ञान में आया है कि समुचित सूचना, प्रशिक्षण एवं निर्देश प्रदान किए जाने के उपरांत भी कतिपय प्रतिनियुक्त कर्मियों द्वारा अब तक अपने निर्धारित जनगणना दायित्व में योगदान नहीं दिया गया है। संबंधित कर्मियों को बारंबार निर्देशित एवं सूचित किए जाने के बावजूद उनकी अनुपस्थिति बनी हुई है, जिससे जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के वैधानिक कार्य के निष्पादन में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न हो रहा है।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य, जनगणना अधिनियम, 1948 के अंतर्गत संपादित किया जा रहा है तथा इसमें नियुक्त पदाधिकारियों/कर्मियों द्वारा निर्देशों की अवहेलना, कर्तव्य की उपेक्षा अथवा असहयोग की स्थिति विधि के अंतर्गत दंडनीय है। जनगणना कार्य में बाधा उत्पन्न करना अथवा वैधानिक दायित्व का निर्वहन नहीं करना गंभीर प्रशासनिक विषय माना जाएगा।
इस संबंध में धनबाद नगर निगम द्वारा ऐसे अनुपस्थित एवं असहयोगात्मक कर्मियों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम, 1948 तथा प्रचलित सेवा नियमों के अंतर्गत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने अथवा विभागीय/नियामकीय कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने पर विचार किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित नियंत्रणकारी पदाधिकारियों को भी प्रतिवेदित किया जाएगा।
साथ ही, धनबाद नगर निगम द्वारा संबंधित विभागों/प्रतिष्ठानों यथा बी.सी.सी.एल., डी.जी.एम.एस., शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग एवं अन्य नियंत्रणकारी कार्यालयों को पत्राचार कर प्रतिनियुक्त कर्मियों द्वारा जनगणना निर्देशों के अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु अनुरोध किया जा रहा है। संबंधित विभागाध्यक्षों/नियंत्रणकारी पदाधिकारियों से यह भी अपेक्षा की गई है कि वे अपने अधीनस्थ प्रतिनियुक्त कर्मियों के जनगणना कार्य में योगदान नहीं देने के कारणों एवं इस संबंध में की गई कार्रवाई/निर्देशों का विवरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट