उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आज निरसा, बलियापुर, टुंडी, गोविंदपुर, तोपचांची एवं झरिया में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा धनबाद, बाघमारा व पूर्वी टुंडी में स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में एडमिशन के लिए नामांकन समिति की बैठक आयोजित की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सभी विद्यालयों में अच्छे से जांच पड़ताल करके बालिकाओं का नामांकन सुनिश्चित करें। हर आवासीय विद्यालय में सभी कोटि के छात्र होने चाहिए। वहीं कुछ विद्यालयों में रिक्त स्थान को भरने के लिए उन्होंने पुनः प्रयास करके एक सप्ताह में रिक्त स्थान भरने का समय दिया। कहा कि नामांकन में आर्थिक रूप से कमजोर माता पिता के बच्चे छुटने नहीं चाहिए। उन्होंने माननीय जनप्रतिनिधियों से भी इसमें सहयोग करने का अनुरोध किया।
छह कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 453 रिक्ति के सामने 1138 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिसमें 446 बालिकाओं को नामांकन के लिए चिह्नित किया गया है। जबकि तीन झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों की 162 रिक्ति के लिए 158 छात्रों की अनुशंसा प्रखंड स्तरीय कमेटी द्वारा की गई है।
उपायुक्त ने कहा कि नामांकन के लिए अनुशंसा पर आए आवेदनों में पारदर्शिता रखने के लिए आवासीय विद्यालयों के वार्डन वैसे आवेदन में बालिका के मता-पिता का पेशा, पूरा पता व मोबाइल नंबर प्रशासन को उपलब्ध कराएंगे। जिसकी जांच जिला स्तर से कराई जाएगी। तत्पश्चात उनका नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने वार्डन को आवासीय विद्यालय का अच्छे से संचालन करने एवं कोई कमी नहीं रखने का भी निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, माननीय विधायक निरसा श्री अरूप चटर्जी, माननीय विधायक सिंदरी श्री चंद्रदेव महतो, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री आयुष कुमार, डॉ मीतू सिन्हा, माननीय सांसद धनबाद के प्रतिनिधि श्री अजय सिन्हा, माननीय विधायक झरिया के प्रतिनिधि श्री उमेश यादव, माननीय विधायक बाघमारा के प्रतिनिधि श्री निरंजन पांडेय, माननीय विधायक धनबाद के प्रतिनिधि श्री रविंद्र कुमार सिन्हा, माननीय विधायक टुंडी के प्रतिनिधि श्री जगदीश कुमार चौधरी, माननीय सांसद गिरिडीह के प्रतिनिधि श्री सुभाष रवानी तथा सभी आवासीय विद्यालय के वार्डन मौजूद थे।