रांची : झारखंड में इन दिनों मौसम का रुख बदला हुआ नजर आ रहा है। राज्य के कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
राजधानी रांची में भी पूरे दिन आसमान में बादल बने रह सकते हैं और बीच-बीच में बारिश होने के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है। 29 मार्च को तेज हवा और बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि 30 मार्च को थोड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि 31 मार्च से मौसम फिर सक्रिय होने के संकेत हैं और 1 अप्रैल तक इसका असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से बचें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और सुरक्षित जगहों पर ही शरण लें।