धनबाद : ग्रामीण एकता मंच, गोपालीचक 2 नंबर के केंद्रीय अध्यक्ष रंजीत सिंह उर्फ बबलू सिंह ने धनबाद के उपायुक्त को पत्र लिखकर वृक्षारोपण मद में अनियमितता का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने वाइल्ड लाइफ मैनेजमेंट प्लान, सेल एवं टासरा के तहत धनबाद रेंज में वृक्षारोपण और विकास कार्यों के लिए आवंटित 3.5 करोड़ रुपये को बिना विभागीय अनुमति टुंडी और तोपचांची क्षेत्र में डायवर्ट करने का आरोप लगाया है। साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
पत्र में सिंह ने कहा कि धनबाद के कोलियरी और शहरी क्षेत्रों में बढ़ते वायु प्रदूषण से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। इस मुद्दे पर झारखंड उच्च न्यायालय भी संबंधित विभागों को ठोस कदम उठाने का निर्देश दे चुका है। इसके बावजूद प्रदूषण प्रभावित इलाकों को नजरअंदाज कर पहले से हरे-भरे क्षेत्रों में राशि खर्च करना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वन प्रमंडल के एक सेवानिवृत्त पदाधिकारी के प्रभाव में आकर न केवल 3.5 करोड़, बल्कि अन्य योजनाओं और कैम्पा मद की राशि मिलाकर करीब 19 करोड़ रुपये टुंडी और तोपचांची में स्थानांतरित कर दिए गए। सिंह ने कहा कि कोलियरी क्षेत्रों में पेड़ों की कटाई के बावजूद पर्याप्त वृक्षारोपण नहीं हुआ है। उन्होंने डीसी से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर वृक्षारोपण कराने की मांग की है।