धनबाद: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत सिटी सेंटर, रणधीर वर्मा चौक और श्रमिक चौक पर ट्रैफिक डीएसपी, परिवहन पदाधिकारी और ट्रैफिक जवानों ने मिलकर “रोज ऑन रोड” कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट और सीट बेल्ट लगाए लोगों को गुलाब का फूल और माला पहनाकर गांधीगिरी के अंदाज में ट्रैफिक नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एक दोपहिया वाहन पर सवार दोनों व्यक्तियों के हेलमेट पहनने पर ट्रैफिक डीएसपी ने उनकी सराहना की और कहा कि उन्होंने समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया है। ट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह 1 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगा, जिसके तहत जागरूकता अभियान आयोजित कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाया जा रहा है।
अभियान के दौरान ट्रैफिक विभाग ने नागरिकों से अपील की कि वे हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। गांधीगिरी के इस अनोखे प्रयास को स्थानीय लोगों ने काफी सराहा।