धनबाद: मईया सम्मान योजना से वंचित महिलाओं का फूटा गुस्सा, सड़कों पर किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के पोस्टर जलाए

Share This News

धनबाद के अंचल कार्यालय में मईया सम्मान योजना से वंचित सैकड़ों महिलाओं ने जमकर प्रदर्शन किया। योजना का लाभ न मिलने से आक्रोशित महिलाओं ने चिरागोडा-हीरापुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया और जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पोस्टर फाड़कर आग के हवाले कर दिए।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि योजना की घोषणा के बावजूद वे इससे वंचित हैं। उन्हें अब तक यह नहीं बताया गया कि राशि क्यों नहीं मिली और शिकायत दर्ज करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हो रहा। महिलाओं का आरोप है कि अंचल कार्यालय में कोई अधिकारी उनकी शिकायतें सुनने के लिए मौजूद नहीं था, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया। उन्होंने मांग की कि या तो योजना का लाभ सभी जरूरतमंद महिलाओं को मिले या इसे बंद कर दिया जाए।

कुसुम न्यूज़ की टीम ने इस मामले में अधिक जानकारी के लिए अंचल कार्यालय के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सीओ की गैरमौजूदगी के कारण कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इस पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के महानगर अध्यक्ष जे.पी. वालिया ने मामले की गहन जांच की मांग की है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील की कि योजना के सही क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाए ताकि सभी पात्र महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।

राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई मईया सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक सहायता और सम्मान प्रदान करने के उद्देश्य से बनाई गई थी, लेकिन इसके लाभ हर जरूरतमंद तक न पहुंचने से स्थानीय स्तर पर असंतोष बढ़ता जा रहा है।

Leave a comment