धनबाद, 5 जनवरी 2025: राष्ट्रीय जनजाति आयोग, भारत सरकार की माननीय सदस्य डॉक्टर आशा लकड़ा ने आज सर्किट हाउस, धनबाद में विभिन्न आदिवासी सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक का उद्देश्य आदिवासी समाज की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना था।
बैठक के उपरांत डॉक्टर आशा लकड़ा ने कहा कि आदिवासी समाज की सुरक्षा, संरक्षण और आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आयोग प्रतिबद्ध है।
बैठक में आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया, जिसमें सुरक्षा, शिक्षा, सामाजिक विकास और आर्थिक चुनौतियां शामिल थीं। डॉक्टर लकड़ा ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती अनीता कुजूर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सह कल्याण पदाधिकारी श्री नियाज अहमद, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती निशु कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को आदिवासी संगठनों ने एक सकारात्मक पहल बताया और राष्ट्रीय जनजाति आयोग की इस पहल की सराहना की।