प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘स्टार्टअप इंडिया’ अभियान के दस वर्ष पूरे होने पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स आज भारत की अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ समाज के भविष्य को भी दिशा दे रहे हैं।
राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के मौके पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते एक दशक में भारतीय युवाओं ने अपने साहस, नवाचार और उद्यमशील सोच के दम पर भारत को वैश्विक स्टार्टअप इकोसिस्टम में एक मजबूत पहचान दिलाई है।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि देश के स्टार्टअप्स न सिर्फ वैश्विक और पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों का समाधान तलाश रहे हैं, बल्कि रोजगार और विकास के नए अवसर भी पैदा कर रहे हैं। उन्होंने जोखिम उठाने, परंपरागत सोच से आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने वाले उद्यमियों की खुलकर सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार सभी हितधारकों के सहयोग से स्टार्टअप इकोसिस्टम को और सशक्त बना रही है। ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ जैसी पहलों के माध्यम से अंतरिक्ष और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भी स्टार्टअप्स के लिए नए रास्ते खुले हैं। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में स्टार्टअप्स की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने मेंटर्स, इनक्यूबेटर्स, निवेशकों और शैक्षणिक संस्थानों के योगदान को भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और जुनून ही ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी ताकत है।
उल्लेखनीय है कि ‘स्टार्टअप इंडिया’ पहल की शुरुआत 16 जनवरी 2016 को उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) के तहत की गई थी। वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 जनवरी को आधिकारिक तौर पर ‘राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस’ घोषित किया था।