Breaking News

DRI की बड़ी कार्रवाई: 40 करोड़ से अधिक का सोना और 2.9 करोड़ रुपये नकद जब्त

Share This News

DESK: सीमा पार सोना तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने दिल्ली और अगरतला में एक साथ छापेमारी कर दुबई और बांग्लादेश से संचालित एक अंतरराष्ट्रीय गोल्ड स्मगलिंग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस अभियान में डीआरआई ने 29 किलो से अधिक विदेशी सोना और करीब ₹2.90 करोड़ की नकदी जब्त की है।

वित्त मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि विशेष खुफिया इनपुट के आधार पर 6 जनवरी 2026 को डीआरआई ने त्रिपुरा के अगरतला से भेजी गई दो खेप की डिलीवरी लेने पहुंचे एक आरोपी को एक घरेलू लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस से गिरफ्तार किया। खेप की तलाशी में अंतरराष्ट्रीय रिफाइनरी मार्किंग वाला 15 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹20.73 करोड़ आंकी गई है।

इसके बाद दिल्ली और अगरतला में विभिन्न ठिकानों पर एक साथ की गई तलाशी में अतिरिक्त 14.2 किलोग्राम विदेशी सोना और ₹2.90 करोड़ नकद बरामद हुआ। जब्त नकदी में भारतीय और बांग्लादेशी दोनों मुद्राएं शामिल हैं।

इस तरह सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कुल 29.2 किलोग्राम सोना, जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹40 करोड़ है, और ₹2.9 करोड़ नकद को जब्त किया गया है। मामले में सोना तस्करी सिंडिकेट से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क त्रिपुरा के रास्ते भारत-बांग्लादेश सीमा से अवैध रूप से सोना भारत में प्रवेश कराता था। इसके बाद दुबई और बांग्लादेश में बैठे संचालकों तथा अगरतला में सक्रिय स्थानीय ज्वेलरी कारोबारियों की मिलीभगत से घरेलू कार्गो सेवाओं के जरिये सोना दिल्ली भेजा जाता था। डीआरआई ने इस कार्रवाई के जरिए अवैध सोने की आपूर्ति पर रोक लगाते हुए देश की आर्थिक सुरक्षा और व्यापारिक पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

Leave a comment