पुतिन के आवास के पास ड्रोन हमले का रूस ने लगाया आरोप, ट्रंप ने तुरंत मॉस्को से की बात

Share This News

रूस और यूक्रेन के बीच जारी तनाव के बीच एक नया विवाद सामने आया है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने सोमवार को दावा किया कि यूक्रेन ने नोवगोरोड क्षेत्र में स्थित राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आधिकारिक आवास को निशाना बनाने की कोशिश की है। लावरोव ने चेतावनी दी कि इस कथित हमले का असर मॉस्को के कूटनीतिक और वार्ता संबंधी रुख पर पड़ सकता है।

लावरोव के अनुसार, 28 और 29 दिसंबर के बीच यूक्रेन की ओर से लंबी दूरी के कुल 91 ड्रोन कथित तौर पर राष्ट्रपति आवास की दिशा में दागे गए। उन्होंने इस कदम को बेहद गैर-जिम्मेदाराना करार देते हुए कहा कि रूस इसका जवाब जरूर देगा। लावरोव ने यहां तक कहा कि इस तरह की कार्रवाई को राज्य प्रायोजित आतंकवाद की श्रेणी में देखा जाना चाहिए।

हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कथित हमले के समय राष्ट्रपति पुतिन उस आवास पर मौजूद थे या नहीं। लावरोव ने यह भी कहा कि रूसी सेना ने जवाबी कार्रवाई के लिए संभावित लक्ष्यों की पहचान पहले ही कर ली है।

रूस का कहना है कि यह घटना ऐसे समय हुई है, जब यूक्रेन के साथ संभावित शांति वार्ता को लेकर चर्चा चल रही थी। लावरोव ने संकेत दिए कि भले ही रूस बातचीत की प्रक्रिया से पूरी तरह पीछे न हटे, लेकिन इस घटना के बाद उसकी रणनीति और शर्तों पर दोबारा विचार किया जाएगा।

दूसरी ओर, यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने पुतिन के आवास पर हमले से जुड़े सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है। ज़ेलेंस्की ने इन्हें झूठा बताते हुए कहा कि रूस इस तरह के दावे कर कीव में सरकारी ठिकानों पर हमले की भूमिका तैयार कर रहा है।

इसी बीच अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के मोर्चे पर भी हलचल देखी गई है। खबर है कि ज़ेलेंस्की से बातचीत के एक दिन बाद, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 24 घंटे के भीतर दूसरी बार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर संपर्क किया। इस संवाद के ब्योरे को लेकर हालांकि आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।

Leave a comment