धनबाद, 2 जनवरी: धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड छठ तालाब के पास एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांधीनगर निवासी रितेश रवानी के रूप में हुई है। यह घटना उस समय हुई जब रितेश अपने कुछ दोस्तों के साथ तालाब के पास बैठकर शराब का सेवन कर रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मनईटांड छठ तालाब के पास कुछ युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान धनसार पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक इधर-उधर भागने लगे। इसी अफरा-तफरी में रितेश रवानी एक खुले कुएं में गिर गया।पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद रितेश को कुएं से बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (SNMMCH) रेफर कर दिया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रितेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय निवासी जगदीश साव ने बताया कि मनईटांड छठ तालाब के पास युवकों द्वारा शराब पीने की घटनाएं आम हो गई हैं। इससे इलाके में असामाजिक गतिविधियों का बोलबाला बढ़ रहा है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इस हादसे ने इलाके में खुले कुओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी के मुद्दे को फिर से चर्चा में ला दिया है।