धनबाद, 2 जनवरी 2025: समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा की अध्यक्षता में सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज जिला सहकारी संघ की निदेशक पर्षद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहकारी संघ की गतिविधियों को मजबूत बनाने और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई, जिनमें सदस्यता अभियान को तेज करने, कार्यालय संचालन के लिए प्रोफेशनल मैनपावर की नियुक्ति, जिला सहकारी संघ के लिए जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने, और वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कार्ययोजना तैयार करना शामिल है।
उपायुक्त ने सभी सक्षम पैक्स (PACS) और एमपीसीएस (MPCS) को सदस्य बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। जिला मुख्यालय के आसपास पांच एकड़ जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए गोविंदपुर अंचलाधिकारी को निर्देशित किया गया। प्रोफेशनल मैनपावर (MBA), कंप्यूटर ऑपरेटर और लेखा संधारण के लिए वरीय अंकेक्षण पदाधिकारी को नियुक्त करने का निर्देश।पूर्व उप विकास आयुक्त कार्यालय में संघ कार्यालय के लिए स्थान आवंटन का प्रस्ताव। संघ को प्रदान की गई ₹3 करोड़ की हिस्सा पूंजी को सावधि जमा में निवेश से अर्जित ब्याज से कार्यालय के प्रशासनिक और विविध व्यय के लिए वार्षिक बजट अनुमोदित किया गया। जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित करने का निर्देश और वर्ष 2025-26 के लिए कार्ययोजना तैयार करने हेतु डीएफओ और डीसीओ को जिम्मेदारी दी गई।
बैठक में डीएफओ श्री विकास पालीवाल, जिला सहकारिता पदाधिकारी श्री वेद प्रकाश, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री मुकेश बाउरी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्री नियाज अहमद, विधायक प्रतिनिधि, पैक्स प्रतिनिधि समेत अन्य अधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
इस बैठक से जिले में सहकारी संघ की गतिविधियों को नई दिशा देने और योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।