धनबाद में करंट हादसा — पति, पत्नी और मासूम बच्ची की मौत से सन्नाटा

Share This News

जोगता थाना क्षेत्र के सिजुआ न्यू साइडिंग नंबर एक में मंगलवार की देर शाम एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान राजा अंसारी पत्नी अमीना खातून और दो वर्षीय पुत्री मायरा के रूप में हुई है। तीनों के शव किराए के कमरे से बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार, राजा अंसारी कुछ दिन पहले ही अपनी पत्नी और बच्ची के साथ रघुनंदन के मकान में किराए पर रहने आया था। मंगलवार की शाम वह काम से लौटने के बाद कमरे में था। कुछ देर बाद पड़ोसियों ने परिवार को बेसुध हालत में देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय कमरे में हीटर चल रहा था। संदेह है कि खराब तार के संपर्क में आने से अमीना खातून और बच्ची को करंट लगा। उन्हें बचाने के दौरान राजा अंसारी भी करंट की चपेट में आ गया।सूचना मिलते ही जोगता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को एसएसएनएमसीएच भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Leave a comment