प्रशासन का कड़ा संदेश : निर्माण कार्यों में लापरवाही या प्राक्कलन के उल्लंघन पर सीधे होगी कार्रवाई
धनबाद नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विकास कार्यों में गुणवत्ता और प्राक्कलन की अनदेखी करने वालों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सिंदरी नगर निगम कार्यालय के समीप चल रहे नाली निर्माण कार्य में तय मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नगर निगम के अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 100 फीट निर्मित नाली को तुड़वा दिया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि संवेदक प्रहलाद यादव द्वारा कराया जा रहा निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन और तकनीकी मानकों के अनुसार नहीं था। गुणवत्ता में गंभीर खामियां मिलने पर सहायक अभियंता सौरव प्रभात और कनीय अभियंता कार्तिक उपाध्याय की प्रत्यक्ष मौजूदगी में स्थल पर ही पहले से निर्मित नाली के घटिया हिस्से को ध्वस्त कराया गया।
कनीय अभियंता कार्तिक उपाध्याय ने कहा कि जिला प्रशासन का स्पष्ट आदेश है कि विकास योजनाओं में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के बाद संबंधित एजेंसी को निर्धारित प्राक्कलन, मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप नए सिरे से 100 फीट नाली का निर्माण करना पड़ा।
वहीं नगर निगम प्रशासन ने सभी संवेदकों को कड़ा संदेश दिया है कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या प्राक्कलन के उल्लंघन पर सीधी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की रिपोर्ट