Breaking News

इस्कॉन धनबाद में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया श्री श्री जगन्नाथ स्नान यात्रा महोत्सव

Share This News

धनबाद: 29 जून को इस्कॉन धनबाद (वृंदावन विहार, गोसाईडीह) में श्री श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा देवी के पावन स्नान यात्रा महोत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस दिव्य अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान के दर्शन किए तथा आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सायं 4:30 बजे भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा देवी के महा स्नान अभिषेक के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार एवं हरिनाम संकीर्तन के बीच भगवान का दिव्य अभिषेक किया गया, जिसने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया।
महा महोत्सव के दौरान भक्ति संकीर्तन, आध्यात्मिक कथा, संध्या आरती, छप्पन भोग, भगवान का विशेष गज-वेश दर्शन तथा अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। भक्तों ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर इस्कॉन धनबाद के प्रतिनिधियों ने बताया कि स्नान यात्रा महोत्सव भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा से पूर्व मनाया जाने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण एवं पावन उत्सव है, जो भक्ति, शुद्धता एवं भगवान के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
कार्यक्रम में धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन का वातावरण हरिनाम संकीर्तन, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

कुसुम न्यूज़ से मुस्कान की रिपोर्ट

Leave a comment