धनबाद में 10 फरवरी से फाइलेरिया उन्मूलन अभियान, 26 लाख से अधिक लोगों को दी जाएगी दवा

Share This News

धनबाद, 8 फरवरी 2025 – धनबाद में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत 10 फरवरी से 25 फरवरी तक मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (MDA) कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के 2248 बूथों पर 4496 दवा प्रशासक 26 लाख से अधिक लोगों को डीईसी और एल्बेंडाजोल की खुराक खिलाएंगे। वहीं, 11 से 25 फरवरी तक दवा से वंचित लोगों को घर-घर जाकर दवा दी जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए 428 सुपरवाइजरों को जिम्मेदारी दी गई है।

धनबाद सिविल सर्जन डॉ. चंद्रभानु प्रतापन ने पत्रकार वार्ता में बताया कि फाइलेरिया एक वेक्टर जनित बीमारी है, जो क्युलेक्स मच्छर के काटने से फैलती है। यह शरीर में माइक्रो फाइलेरिया के रोगाणु पैदा करता है, जिससे हाथ-पांव का फूलना (एलिफेंटियासिस) और हाइड्रोसील जैसी समस्याएं होती हैं। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया लाइलाज बीमारी है, लेकिन हर साल एक बार डीईसी और एल्बेंडाजोल का सेवन करने से इस पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

अभियान के तहत सदर अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), हेल्थ सब-सेंटर, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल और धनबाद रेलवे स्टेशन पर दवा खिलाने की व्यवस्था की गई है।

इस तरह दी जाएगी दवा की खुराक

1-2 साल के बच्चों को आधी एल्बेंडाजोल गोली (200mg) पानी में घोलकर दी जाएगी।2-5 साल के बच्चों को डीईसी 100mg + एल्बेंडाजोल 400mg की खुराक।6-14 साल के बच्चों को डीईसी 200mg + एल्बेंडाजोल 400mg।15 साल से अधिक उम्र के लोगों को डीईसी 300mg + एल्बेंडाजोल 400mg।

किन्हें नहीं दी जाएगी दवा?

एक साल से कम उम्र के बच्चेगर्भवती महिलाएंगंभीर बीमार और अत्यंत वृद्ध व्यक्तिखाली पेट किसी को भी दवा नहीं देनी है

सिविल सर्जन डॉ. चंद्रभानु प्रतापन और वीबीडी पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने आम जनता से फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में सहयोग करने और दवा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह बीमारी जानलेवा नहीं है, लेकिन शरीर में स्थायी विकृति पैदा कर सकती है। इसलिए MDA कार्यक्रम के दौरान सभी को दवा अवश्य लेनी चाहिए। पत्रकार वार्ता में सिविल सर्जन डॉ. चंद्रभानु प्रतापन, वीबीडी पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार और वीबीडी सलाहकार रमेश कुमार सिंह मौजूद थे।

Leave a comment