अमेरिका में भारतीयों के अमानवीय निर्वासन पर धनबाद कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

Share This News

धनबाद, 7 फरवरी 2025 – अमेरिका द्वारा 104 भारतीय नागरिकों को हथकड़ी लगाकर सैन्य विमान से भारत भेजे जाने के विरोध में धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने रणधीर वर्मा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इसे “भारतीयों का अपमान और विदेश नीति की विफलता” करार दिया।

धनबाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा, “अमेरिका ने भारतीयों को अपराधियों की तरह जंजीरों में बांधकर भेजा, लेकिन मोदी सरकार चुप्पी साधे बैठी है।

यह हर भारतीय का अपमान है। सरकार को अमेरिका से कड़ा जवाब मांगना चाहिए था।”गौरतलब है कि बुधवार को अमेरिकी वायुसेना का सी-17 ग्लोबमास्टर विमान 104 भारतीयों को लेकर अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा। इनमें पंजाब, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के नागरिक शामिल थे, जिनमें 19 महिलाएं और 13 नाबालिग भी थे।

अमेरिका द्वारा भारतीयों के जबरन निर्वासन को लेकर विपक्ष केंद्र सरकार को घेरने में जुट गया है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब छोटे देश अपने नागरिकों की रक्षा के लिए आवाज उठा सकते हैं, तो भारत सरकार चुप क्यों है? विपक्ष ने सरकार से इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि केंद्र सरकार अमेरिका से इस कृत्य पर जवाब मांगे और भविष्य में भारतीयों की गरिमा की रक्षा के लिए कड़े कदम उठाए। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुल्तान अहमद, महासचिव मदन महतो, प्रवक्ता शमशेर आलम सिंह, ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह और कुमार गौरव समेत कई नेता शामिल हुए।

Leave a comment