बड़ा गुरुद्वारा के समीप चौधरी स्वीट्स में लगी आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

Share This News

धनबाद। बड़ा गुरुद्वारा के सामने स्थित चौधरी स्वीट्स में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

जानकारी के अनुसार दुकान संचालक सुबह दुकान खोलकर काम की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दुकान में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई, जिसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।

गनीमत रही कि दुकान में रखा गैस सिलेंडर आग की चपेट में नहीं आया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

दुकान संचालक ने बताया कि आग लगने से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया और उनकी पूरी पूंजी बर्बाद हो गई।

वहीं स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दुकान संचालक द्वारा अवैध अतिक्रमण कर दुकान के आगे करीब 4 से 5 फीट जमीन घेर ली गई है, जिससे क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों ने कहा कि इसकी शिकायत कई बार प्रशासन से की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

Leave a comment