हजारीबाग में ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के पदयात्रा, हजारों हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन उपायुक्त हेमंत सती को सौंपा गया

Share This News

चार प्रमुख मांगों को डीसी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भेजा

हजारीबाग : देशव्यापी ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत सोमवार को हजारीबाग में एक व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली। अभियान के अंतर्गत करोड़ों हस्ताक्षरों से युक्त प्रार्थना पत्र को देशभर के विभिन्न प्रखंड एवं तहसील कार्यालयों में सौंपे जाने के क्रम में हजारीबाग में भी एक पदयात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नया बस स्टैंड, ग्वाल टोली चौक श्री हरि हनुमान मंदिर से सैकड़ों गोभक्तों ने पदयात्रा प्रारंभ की। यह भजन कीर्तन, ढोलक बजाते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सदर अंचल कार्यालय पहुंची, जहां उपायुक्त हेमंत सती की उपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने अंचल पदाधिकारी, सदर को लगभग सात हजार हस्ताक्षरों से युक्त प्रार्थना पत्र सौंपा। यह ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम संबोधित है।
कार्यक्रम के दौरान वार्ता के क्रम में गोभक्तों ने अपनी चार प्रमुख मांगों को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किया। इनमें गौमाता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने, देशभर में गोवंश की हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, ‘गो सेवा मंत्रालय’ के गठन तथा संपूर्ण भारत में एक प्रभावी ‘गो चारा नीति’ लागू करने की मांग शामिल है।इस अभियान में भाजपा प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव, हिन्दू धर्म प्रचारक अमन कुमार, गोरक्षक प्रो. दशरथ यादव, मनोज यादव, बबलू यादव, जीतू यादव, अरुण यादव, साहिल सिंह, विकास यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गोभक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने इसे केवल एक धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना से जुड़ा अभियान बताया।
आयोजकों के अनुसार, इस तरह के अभियानों का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना और नीति-निर्माताओं का ध्यान गोसंरक्षण से जुड़े मुद्दों की ओर आकर्षित करना है। हजारीबाग में आयोजित यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें जनसहभागिता उल्लेखनीय रही।

Leave a comment