धनबाद मंडल कारा का IG का औचक निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्था पर सख्ती

Share This News

धनबाद: जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने शुक्रवार को धनबाद मंडल कारा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। उनके अचानक पहुंचे से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और अधिकारी तत्परता से व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गए।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विशेष रूप से जेल परिसर की निगरानी, बंदियों की सुरक्षा और आंतरिक व्यवस्था को लेकर सख्ती बरतने को कहा गया।

मीडिया से बातचीत करते हुए सुदर्शन मंडल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खान-पान से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेल मैनुअल के अनुसार सभी बंदियों को समय पर और निर्धारित गुणवत्ता का भोजन मिलना अनिवार्य है।

आईजी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि भोजन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि हर बंदी तक भोजन सही समय पर पहुंचे और गुणवत्ता में कोई कमी न हो।

इसके अलावा उन्होंने साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जेल में सभी व्यवस्थाएं नियमों के अनुरूप संचालित हों और किसी भी तरह की शिकायत की गुंजाइश न रहे।

औचक निरीक्षण के बाद यह स्पष्ट है कि जेल प्रशासन को व्यवस्था और अनुशासन को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बंदियों को बेहतर सुविधा मिल सके और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ बनी रहे।

Leave a comment