धनबाद एयरपोर्ट की मांग को लेकर चल रहे अभियान को अब शहर के नवनिर्वाचित मेयर का समर्थन मिल गया है। महापौर संजीव सिंह से श्री पार्श्वनाथ धनबाद एयरपोर्ट मिशन के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर शहर में एयरपोर्ट निर्माण के मुद्दे पर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधियों ने संजीव सिंह को महापौर बनने पर बधाई दी और उन्हें बुके के साथ प्रतीकात्मक हवाई जहाज भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मेयर संजीव सिंह ने कहा कि धनबाद के समग्र विकास के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि शहर में एयरपोर्ट निर्माण, आधुनिक बस स्टैंड और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए जो भी प्रयास आवश्यक होंगे, उनमें वे पूरा सहयोग देंगे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर के लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
संजीव सिंह ने यह भी कहा कि धनबाद की जनता के लिए सिंह मेंशन हमेशा साथ खड़ा रहा है और आगे भी लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश जारी रहेगी।
इस मौके पर श्री पार्श्वनाथ धनबाद एयरपोर्ट मिशन से जुड़े प्रवीण गोधा, भारती दूबे, रीना श्रीवास्तव, सोमा सेन, श्रद्धा गोयल, मधु सिन्हा, निरूपमा (कोडरमा-हजारीबाग), संतोषी आनंद, मगदेश कुमार, अमित अग्रवाल, अविनाश पांडेय और अमित तिवारी समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।