और कितना गिरेगा इंसान… माँ के श्राद्धकर्म के खर्च के विवाद में भाई ने भाई की जान ली

Share This News

बलियापुर थाना क्षेत्र के करमाटांड़ स्थित बीसीसीएल कॉलोनी में शनिवार रात एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मां के श्राद्धकर्म में हुए खर्च को लेकर शुरू हुई बहस इतनी बढ़ गई कि एक बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरा इलाका स्तब्ध है।

बीसीसीएल कॉलोनी, सेक्टर–4, ब्लॉक–107 के क्वार्टर संख्या 12 में रहने वाले 40 वर्षीय प्रदीप दास की मौत ने परिवार ही नहीं, बल्कि पड़ोसियों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।

जानकारी के अनुसार, प्रदीप की मां का श्राद्धकर्म दो दिन पहले ही संपन्न हुआ था। शनिवार शाम करीब आठ बजे बड़े भाई श्रीदास भुईंया घर पहुंचे और खर्च के हिसाब-किताब को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

परिजनों का कहना है कि झगड़े के दौरान प्रदीप दास के साथ बुरी तरह मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत नाजुक होने पर स्थानीय लोगों ने उन्हें आनन-फानन में शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी मिनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने अपने जेठ श्रीदास भुईंया, उनके दो बेटों राहुल कुमार और नीरज कुमार सहित एक अन्य व्यक्ति पर पति की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

बलियापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

बताया जाता है कि प्रदीप दास सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे और अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे दो बेटे और दो बेटियां रह गई हैं। मां के अंतिम संस्कार से उपजा यह विवाद अब पूरे परिवार के लिए ऐसा जख्म बन गया है, जो शायद कभी नहीं भर पाएगा।

Leave a comment