भारतीय संविधान दिवस पर धनबाद जिला कांग्रेस की श्रद्धांजलि

Share This News

धनबाद, 26 नवंबर 2025। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर धनबाद जिला कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता पप्पू कुमार तिवारी ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पप्पू कुमार तिवारी ने कहा कि भारत का संविधान हमें न्याय, समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे के मूल्यों को समझने और अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना देश को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित करती है, जिसका उद्देश्य हर नागरिक को समान अधिकार और मजबूत राष्ट्रीय एकता प्रदान करना है।

उन्होंने आगे कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने एक आधुनिक, न्यायपूर्ण और समावेशी संविधान बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके ज्ञान, दूरदर्शी विचारों और नेतृत्व के कारण उन्हें राष्ट्र का संविधान निर्माता कहा जाता है।

वर्ष 1949 में संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अपनाया गया था, जबकि इसे 26 जनवरी 1950 को देशभर में लागू किया गया। इसी ऐतिहासिक दिवस को याद रखने के लिए हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।

तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय की प्राप्ति के लिए हमें संविधान की प्रस्तावना और महापुरुषों के विचारों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर, भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू सहित अन्य सभी महान व्यक्तित्वों के योगदान से प्रेरणा लेकर ही हम राष्ट्र को आगे बढ़ा सकते हैं।

kusum news report

Leave a comment