Breaking News

06 पुलिस अधिकारियों की सेवानिवृत्ति सह विदाई समारोह:SSP ने शुभकामनाएं देते हुए कहा,”पुलिस सेवा में इनका योगदान रहेगा अविस्मरणीय.”….

Share This News

धनबाद (DHANBAD): लंबे समय तक पुलिस सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले छह पुलिस अधिकारियों को शुक्रवार को विभागीय साथियों की उपस्थिति में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर धनबाद पुलिस लाइन में “सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह” आयोजित किया गया, जिसमें वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों में धनबाद थाना के प्रभारी राम नारायण ठाकुर, मुनीडीह ओपी के पुलिस अवर निरीक्षक परशुराम चौधरी, पुलिस केंद्र धनबाद के अवर निरीक्षक सुरेश ठाकुर, तथा सहायक अवर निरीक्षक सन्नू सिंह, अनिल कुमार (पंचेत ओपी) और सुमन कुमार सिंह (तोपचांची थाना) शामिल रहे।

“इनकी सेवा मिसाल है”—SSP प्रभात कुमार

एसएसपी ने अपने संबोधन में कहा कि इन सभी पुलिसकर्मियों ने अपने करियर के दौरान वफादारी, कर्तव्यपरायणता और अनुशासन का ऐसा स्तर कायम किया है, जो आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगा। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए इन पदाधिकारियों ने हमेशा बेहतर कार्य किया है।

समारोह में सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को शॉल, स्मृति चिन्ह और उपहार देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर शुभकामनाएं दीं। कई सेवानिवृत्त कर्मियों ने मंच से अपने कार्यकाल की यादें साझा कीं और धनबाद पुलिस परिवार के सहयोग के लिए कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम में एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सभी डीएसपी, एसडीपीओ, विभिन्न थाना प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

अंत में एसएसपी ने सभी सेवानिवृत्त पदाधिकारियों के सुखद, स्वस्थ और शांतिपूर्ण भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पूरा कार्यक्रम सौहार्द और सम्मान की भावना से परिपूर्ण रहा।

Leave a comment