सेवानिवृत्त एवं मृत कर्मियों के मामलों का शीघ्र निपटारा करें: उपायुक्त

Share This News

धनबाद, 24 फरवरी 2025 – जिला उपायुक्त सह दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में विभिन्न सरकारी सेवकों पर की गई विभागीय कार्यवाही की समीक्षा बैठक की।बैठक में उपायुक्त ने सेवानिवृत्त एवं मृत सरकारी कर्मियों के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों के लंबित रहने से कर्मियों को सेवानिवृत्ति लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही, माननीय न्यायालय में लंबित मामलों की स्थिति पर सरकारी अधिवक्ता से अद्यतन रिपोर्ट लेने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा, मैट्रिक और इंटर परीक्षा को लेकर उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को सतर्क रहने, परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करने, सीसीटीवी कैमरों की जांच सुनिश्चित करने, और केवल अधिकृत व्यक्ति को ही परीक्षा केंद्र में प्रश्नपत्र ले जाने की अनुमति देने का निर्देश दिया। उन्होंने झारखंड अधिविद्य परिषद् के नियमों का अक्षरशः पालन करने पर जोर दिया।इस समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सादात अनवर, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री राजेश कुमार, निदेशक डीआरडीए श्री राजीव रंजन, एलआरडीसी श्री दिलीप कुमार महतो, डीएलओ श्री राम नारायण खलको, विभिन्न अंचल के अंचल अधिकारी और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a comment