कलाभूमि द्वारा जिलेभर की सरस्वती पूजा समितियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किया गया पुरस्कृत,परंपरा और संस्कृति को सहेजने के लिए कलाभूमि का सराहनीय प्रयास

Share This News

साहेबगंज में कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलाभूमि के संस्थापक कलाकार अमृत प्रकाश की पहल पर जिलेभर की सरस्वती पूजा समितियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित किया गया, जहां मुख्य अतिथि पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार कुशवाहा ने विभिन्न श्रेणियों में चयनित समितियों को पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एपीओ संजय कुमार, सार्जेंट कुमार संजय, समाजसेवी सिद्धेश्वर मंडल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पुलिस उपाधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि सरस्वती पूजा हमारी सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा है, और इस प्रकार के आयोजनों से कला एवं अनुशासन को बढ़ावा मिलता है।इस सम्मान समारोह में ओवरऑल सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार श्री श्री शांति संघ, राजमहल को प्रदान किया गया, जबकि अन्य श्रेणियों में ओम भवानी संघ गुल्ली भट्टा, शोभनपुर भट्ठा सरस्वती पूजा समिति, युवा संघ हाटपाड़ा, एकता क्लब विजय ज्योति संघ, दिव्य ज्योति संघ, महारथी संघ चाईपाड़ा समेत कई समितियों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सुप्रसिद्ध उद्घोषक भगवती रंजन पांडेय ने किया, जबकि प्रो. सुबोध कुमार झा ने अपनी काव्यात्मक अभिव्यक्ति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में सार्जेंट कुमार संजय ने अपने हास्य-व्यंग्य अंदाज में अतिथियों और दर्शकों का मनोरंजन करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a comment