साहिबगंज: रेलवे गार्ड और ड्राइवरों का 36 घंटे का हंगर फास्ट दूसरे दिन भी जारी

Share This News

साहिबगंज। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन और ऑल इंडिया गार्ड काउंसिल के तत्वावधान में रेलवे गार्ड और लोको पायलटों की 36 घंटे की भूख हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। यह विरोध प्रदर्शन साहिबगंज क्रू लॉबी के समक्ष किया जा रहा है, जिसमें कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अडिग हैं।

शाखा महासचिव रोहित आनंद ने बताया कि हाल ही में रेलवे बोर्ड ने रनिंग और गार्ड कर्मचारियों के माइलेज अलाउंस को अन्य भत्तों की तरह 25% बढ़ाने से इनकार कर दिया, जिससे रेलवे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि सरकार यदि उनकी मांगें नहीं मानती है, तो वे भूख हड़ताल जारी रखते हुए गाड़ियों का संचालन करेंगे, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

रोहित आनंद ने रेलवे प्रशासन पर रनिंग कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

रेलवे कर्मचारियों का यह आंदोलन पूरे भारत में विभिन्न स्थानों पर जारी है, जिससे रेलवे परिचालन पर भी प्रभाव पड़ सकता है।

Leave a comment