धनबाद में सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को रौंदा, बच्ची गंभीर रूप से घायल

Share This News

धनबाद, 16 फरवरी: धनबाद के रांगाटांड श्रमिक चौक पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला अपनी दो बच्चियों के साथ सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक (नंबर NL01AG 5644) ने उन्हें टक्कर मार दी।

दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। हालांकि, चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

यह घटना ऑटो स्टैंड के पास हुई, जो धनबाद रेलवे स्टेशन जाने का प्रमुख मार्ग है। यहां पैदल यात्रियों की आवाजाही अधिक होती है, लेकिन सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं।धनबाद में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं ने स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया है।

राष्ट्रीय राजमार्गों और शहरी क्षेत्रों में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही आम लोगों के लिए खतरा बन चुकी है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि प्रमुख मार्गों पर स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक लाइट और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित व्यवस्था की जाए ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a comment