धनबाद : शहर के बैंकमोड़ थाना क्षेत्र में गौरक्षकों की मुस्तैदी से मवेशियों की अवैध तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। गौ रक्षा दल के सक्रिय सदस्य अक्षत पासवान और उनकी टीम ने घेराबंदी कर मवेशियों से लदी एक गाड़ी को रंगे हाथों पकड़ा।
गौ रक्षा दल के सदस्य अक्षत पासवान ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सुबह लगभग 6 से 7 बजे के बीच अवैध मवेशी तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही गौ रक्षकों की सदस्यों की टीम बैंकमोड़ थाना क्षेत्र के समीप सतर्क हो गई। लगभग दो से तीन घंटे के लंबे इंतजार के बाद जैसे ही संदिग्ध वाहन उस मार्ग से गुजरा, टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे रोक लिया। कार्रवाई के दौरान वाहन का चालक और मालिक गौ रक्षकों को देखकर मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। फिलहाल दोनों फरार हैं और पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। बरामद गाड़ी की जब तलाशी ली गई, तो उसमें क्रूरतापूर्वक बांधी गई 3 गायें और 2 बछिया (कुल 5 मवेशी) पाई गईं। मवेशियों को रस्सियों से बेहद अमानवीय तरीके से जकड़ा गया था। गौ रक्षा दल के सदस्यों के अनुसार, इन मवेशियों को अवैध रूप से कसाईखाने के लिए वासेपुर ले जाया जा रहा था। मवेशियों की स्थिति देखकर यह साफ जाहिर हो रहा था कि उन्हें तस्करी के उद्देश्य से ही लाया गया था। गौ रक्षा दल ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में संज्ञान लेते हुए गाड़ी के नंबर के आधार पर फरार चालक और मालिक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सक्रिय गौ-तस्करों के सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।