यूजीसी नेट में सफलता के साथ छह विषयों में स्नातकोत्तर, इतिहास विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल की
धनबाद: टुंडी थाना क्षेत्र के ओझाडीह ग्राम निवासी गौतम कुमार ओझा की पत्नी डॉ. सरिता कुमारी को शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए अंतर्राष्ट्रीय हिंदी परिषद, झारखंड एवं संयुक्त ब्राह्मण समाज की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर परिषद के प्रदेश अध्यक्ष सह संयुक्त ब्राह्मण समाज के महासचिव सुरेश चंद्र तिवारी ने डॉ. सरिता कुमारी को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
डॉ. सरिता कुमारी ने वर्ष 2019 में यूजीसी-नेट परीक्षा में सफलता हासिल की। इसके अलावा उन्होंने छह विषयों में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने पूर्व एवं मध्यकाल में वैश्य समाज की स्थिति से संबंधित ऐतिहासिक विषय पर शोध कार्य करते हुए पीएचडी की उपाधि भी हासिल की है।
सुरेश चंद्र तिवारी ने डॉ. सरिता कुमारी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उनकी सफलता समाज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि निरंतर अध्ययन, मेहनत और लगन के बल पर महिलाएं हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं।
सम्मान समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी सपन कुमार ओझा, गौतम कुमार ओझा, नीतू ओझा, सुमन ओझा, नेहा ओझा, निलेश ओझा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
कुसुम न्यूज से सुंदर की रिपोर्ट