कला महाकुंभ-2026 की तैयारियों की समीक्षा, 12 राज्यों से पहुंचेंगे 450 कलाकार

Share This News

27 से 29 नवंबर तक होगा प्रथम अखिल भारतीय बहुभाषीय नाटक, नृत्य एवं झांकी प्रतियोगिता का आयोजन

धनबाद:कला निकेतन, भूली नगर धनबाद की ओर से आगामी 27 से 29 नवंबर 2026 तक नेहरू बालिका उच्च विद्यालय, भूली में आयोजित होने वाले प्रथम तीन दिवसीय अखिल भारतीय बहुभाषीय नाटक, नृत्य एवं झांकी प्रतियोगिता ‘कला महाकुंभ-2026’ की तैयारियों को लेकर शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद आयोजन स्थल का निरीक्षण भी किया गया।
बैठक में नेहरू बालिका उच्च विद्यालय भूली के अध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह एवं सचिव संजय सिंह ने आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान मंच एवं पंडाल निर्माण, पेयजल, शौचालय, बिजली तथा देशभर से आने वाले कलाकारों के ठहरने और अन्य सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की तैयारियों पर जिला प्रशासन की ओर से भी नजर रखी जा रही है।
आयोजक मंडल के अनुसार, कला महाकुंभ में दिल्ली, मुंबई, देहरादून, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मणिपुर, असम, ओडिशा, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड सहित विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक संस्थाओं के करीब 450 कलाकार भाग लेंगे।
आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन धनबाद के सांस्कृतिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल साबित होगा। विभिन्न राज्यों के कलाकारों की सहभागिता से न केवल सांस्कृतिक विचारों का आदान-प्रदान होगा, बल्कि देश की विविध लोक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को एक मंच मिलेगा। इससे सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन को भी मजबूती मिलेगी।
बैठक एवं स्थल निरीक्षण के दौरान विद्यालय की निदेशक अनुराधा कुमारी, मानस रंजन पाल, कला निर्देशक वशिष्ठ प्रसाद सिन्हा, आकाश सहाय, धर्मवीर कुमार एवं क्रान कुमार सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a comment