जिले के लिए गर्व का क्षण: पहला कदम ने राज्य में हासिल किया द्वितीय स्थान

Share This News

एक्सेसिबल एसटीईएम साइंस एग्जीबिशन 2026 में विशेष बच्चों ने दिखाई प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच

धनबाद। बोकारो के सेक्टर-5डी स्थित आशालता विकलांग स्कूल में मंगलवार को एक्सेसिबल एसटीईएम साइंस एग्जीबिशन 2026 का आयोजन किया गया। समर्थनम ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड की एस टीईएम शिक्षा पहल के तहत आयोजित इस विज्ञान प्रदर्शनी में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक मॉडल, प्रयोग और नवाचार प्रस्तुत किए।
नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित पहला कदम विशेष स्कूल, धनबाद के विद्यार्थियों ने भी प्रदर्शनी में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। अपने शानदार वैज्ञानिक मॉडल और प्रस्तुति के दम पर पहला कदम के विशेष बच्चों ने पूरे राज्य में द्वितीय स्थान हासिल कर धनबाद का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीएसएल के महाप्रबंधक/सीएसआर पार्थ चक्रवर्ती तथा विशिष्ट अतिथि सहायक महाप्रबंधक/सीएसआर रिचा कुणाल उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों के वैज्ञानिक मॉडल और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।पहला कदम की सचिव अनिता अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि विशेष बच्चों के लिए यह बेहद गर्व का क्षण है। बच्चों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से साबित किया है कि अवसर और उचित मार्गदर्शन मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी एसटीईएम गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देती हैं।
उन्होंने इस सफलता के लिए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। साथ ही कहा कि पहला कदम आगे भी बच्चों को ऐसी प्रतियोगिताओं और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए लगातार प्रोत्साहित करता रहेगा।
कार्यक्रम में समर्थनम ट्रस्ट की ओर से कार्यक्रम प्रबंधक मंजूनाथ पी. और परियोजना समन्वयक हृदय रंजन पॉल सहित विभिन्न स्कूलों के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। प्रदर्शनी में पहला कदम के बच्चों की शानदार प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।

Leave a comment