रांची में दलित महिला को कुएं से पानी भरने से रोकने की घटना शर्मनाक : कार्तिक हाड़ी

Share This News

धनबाद: रणधीर वर्मा चौक पर कांग्रेस नेता सह हाड़ी जाति समाज सुधार समिति सामाजिक संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष कार्तिक हाड़ी ने झारखंड की राजधानी रांची के एचईसी स्मार्ट सिटी, सेक्टर-2 में 10 अक्टूबर  को दलित महिला मंजू चौधरी को सार्वजनिक कुएं से पानी भरने से रोकने और उनके साथ कथित मारपीट की घटना की कड़ी निंदा की है।
कार्तिक हाड़ी ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी जातिगत भेदभाव और छुआछूत की घटनाएं सामने आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पानी जैसी बुनियादी जरूरत पर जाति के आधार पर किसी को रोकना मानवता और संवैधानिक समानता के मूल्यों के विपरीत है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जिस समानतामूलक समाज का सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए जातिगत भेदभाव की मानसिकता को समाप्त करना जरूरी है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित महिला की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
संविधान के राज में छुआछूत और जातिगत भेदभाव के लिए कोई जगह नहीं है। पानी पर हर नागरिक का समान अधिकार है। जाति के नाम पर किसी का अपमान और उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सामाजिक न्याय और समानता की रक्षा के लिए हम हमेशा आवाज उठाते रहेंगे। मौके पर झरिया एस सी विभाग के नगर अध्यक्ष राकेस पासवान महेन्द्र पासवान सुधार समिति के उपाध्यक्ष मनोज हाड़ी हलीम अंसारी थे।

Leave a comment