राजगंज में साइबर अपराध से बचाव को लेकर कार्यशाला, ग्रामीण एसपी ने बच्चों को किया जागरूक

Share This News

राजगंज (धनबाद):जिला पुलिस एवं प्रशासन द्वारा साइबर अपराध की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को बड्स गार्डेन स्कूल, दलूडीह राजगंज में साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धनबाद जिला ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकुब ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
ग्रामीण एसपी ने कहा कि साइबर अपराधी ठगी के लिए रोज नए-नए तरीके अपना रहे हैं और इसका दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता ही सबसे ठोस उपाय है। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाना है। बच्चे इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि कार्यशाला में मिली जानकारी को अपने घर-परिवार, गांव-मोहल्ले और समाज के लोगों तक पहुंचाकर उन्हें भी साइबर अपराध के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने फर्जी कॉल, लॉटरी, वीडियो कॉल, ऑनलाइन जॉब और लुभावने ऑफर के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहने की अपील की। साथ ही किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करने की सलाह दी। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम को कतरास इंस्पेक्टर रूस्तम जी, थाना प्रभारी संजीव कुमार झा, प्राचार्य प्रमोद कुमार एवं चेयरमैन अमर कुमार पाल ने भी संबोधित करते हुए छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बताईं।
इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीण एसपी से सीधे बातचीत कर साइबर अपराध से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सरलता से जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्य प्रमोद कुमार एवं अन्य सदस्यों ने ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकुब का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

Leave a comment