बचपन को पंख दें, बाल विवाह को रोकें

Share This News

निरसा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, धनबाद के तत्वावधान में डीएवी स्कूल, निरसा में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच पेंटिंग एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता व विचारों के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों को उजागर किया।
कार्यक्रम में एलएडीसीएस के डेप्युटी चीफ अजय कुमार भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि यह बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वतंत्र विकास और सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकार को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और सपनों को साकार करने का अवसर होना चाहिए, उस उम्र में विवाह का दायित्व सौंपना उनके भविष्य के साथ अन्याय है।उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है।प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी परामर्श एवं विधिक जागरूकता प्रदान की जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों को जानने तथा किसी भी प्रकार के अन्याय के प्रति आवाज उठाने का आह्वान किया।
डेप्युटी चीफ ने कहा कि बाल विवाह को रोकना केवल प्रशासन या कानून की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।उन्होंने प्रेरक संदेश देते हुए कहा, बच्चों के हाथों में किताबें और सपनों की उड़ान होनी चाहिए, विवाह का बोझ नहीं। न बाल विवाह करेंगे, न होने देंगे और न ही उसके प्रति मौन रहेंगे।
प्राचार्य डाॅ झूमा माहाता ने अपने संबोधन में कहा कि बाल विवाह बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के मार्ग में बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो बच्चों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे बाल विवाह के खिलाफ स्वयं जागरूक हों और अपने परिवार व समाज में भी जागरूकता फैलाएं। उन्होंने कहा, बच्चों का बचपन सुरक्षित होगा, तभी समाज और देश का भविष्य सुरक्षित होगा।कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं पैरालगल वॉलंटियर पंकज कुमार वर्मा फूल चंद महतो एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विनायक मल्लिक, देव भण्डारी,पल्लवी प्रिया,परी तिवारी को प्रथम स्थान दिव्या सोनकर, रोशनी कुमारी ,बार्नीक माझी को द्वितीय, ख़ुशी कुमारी साव,अंकुश दास, राय कर्मकार देव कर को तृतीय जबकि अमित कुमार को चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ, जिन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Leave a comment