झारखंड स्थापना दिवस 2026 के उपलक्ष्य में विभिन्न विकास एवं प्रशासनिक योजनाओं का उद्घाटन

Share This News

अपर समाहर्ता के नवनिर्मित कार्यालय कक्ष तथा आपूर्ति विभाग के कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (CCC) हुआ उद्घाटन

झारखंड स्थापना दिवस 2026 के पावन अवसर पर आज आईजी श्री शैलेंद्र कुमार सिन्हा, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजनएवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार द्वारा समाहरणालय परिसर में प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार हेतु दो महत्वपूर्ण उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने समाहरणालय के प्रथम तल स्थित जिला आपूर्ति कार्यालय से संबद्ध कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (Control & Command Centre – CCC) का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस केंद्र की स्थापना से जिले में जनवितरण प्रणाली (PDS) और आपूर्ति से संबंधित कार्यों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग, पारदर्शिता तथा शिकायतों के त्वरित निष्पादन में बड़ी मदद मिलेगी।  

इसके साथ ही, उपायुक्त ने समाहरणालय भवन में अपर समाहर्ता (Additional Collector) के नवनिर्मित कार्यालय कक्ष का भी उद्घाटन किया। नए और सुसज्जित कार्यालय कक्ष के शुरू होने से प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुगमता आएगी और आम जनता को बेहतर कार्य वातावरण मिल सकेगा।

उद्घाटन के पश्चात उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि इन नई व्यवस्थाओं का लाभ सीधे तौर पर जिले के आम नागरिकों तक पहुँचे और कार्यप्रणाली में अधिक से अधिक पारदर्शिता एवं गतिशीलता लाई जाए। इस मौके पर जिले के अन्य वरीय प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a comment